देहरादून : उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले रहा है। पर्वतीय इलाकों में बारिश और बर्फबारी को लेकर 27 जनवरी को पूरे प्रदेश में अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार, राज्य के कई जिलों में अगले 24 से 48 घंटों के दौरान भारी बारिश, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और तेज हवाओं की आशंका है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में बारिश और बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इसके साथ ही देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल, हरिद्वार, नैनीताल, अल्मोड़ा, चम्पावत और ऊधम सिंह नगर जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और 40–50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।
वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में 30–40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं और बिजली गिरने को लेकर यलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
मौसम की गंभीरता को देखते हुए अल्मोड़ा और देहरादून जिलों में कक्षा 1 से 12 तक के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालयों के साथ-साथ समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में 27 जनवरी को अवकाश घोषित किया गया है।
अल्मोड़ा के जिलाधिकारी ने आदेश जारी करते हुए संबंधित अधिकारियों को सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश की अवहेलना पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
