देहरादून: विभिन्न मुद्दों और मांगों को लेकर जनपद देहरादून में लगातार हो रहे धरना-प्रदर्शनों और रैलियों के मद्देनज़र एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने स्वयं ग्राउंड जीरो पर उतरकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उन प्रमुख मार्गों और क्षेत्रों का जायजा लिया, जो प्रदर्शन और रैलियों के कारण प्रभावित हो सकते हैं।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने अधीनस्थ अधिकारियों से धरना-प्रदर्शनों और रैलियों के समय की जाने वाली सुरक्षा व्यवस्थाओं, बैरिकेडिंग और यातायात प्रबंधन की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के उपरांत उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रदर्शन या रैली के दौरान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और साथ ही यह भी ध्यान रखा जाए कि आमजन और स्कूली बच्चों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी मार्ग पर धरना-प्रदर्शन या रैली के कारण यातायात बाधित करना पड़े, तो उसकी सूचना समय रहते प्रचारित और प्रसारित कर दी जाए, ताकि लोगों को वैकल्पिक मार्गों की जानकारी मिल सके।
बैठक और निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक यातायात, क्षेत्राधिकारी नगर/डालनवाला/यातायात, निरीक्षक डालनवाला/यातायात सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
