देहरादून : जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में विकासखंड डोईवाला के ग्राम इठारना (तहसील ऋषिकेश) में 01 दिसंबर 2025 को आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में प्राप्त शिकायतों पर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए सख्त कार्रवाई की।
ग्राम पंचायत गौहरी माफी निवासी प्रदीप सिंह पुत्र स्व. भगत सिंह द्वारा अपने पिता का मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किए जाने तथा बलबीर सिंह रावत पुत्र स्व. चन्दन सिंह द्वारा अपनी माता स्व. जयवन्ती देवी का मृत्यु प्रमाण पत्र जारी न होने संबंधी शिकायत शिविर में प्रस्तुत की गई थी।
प्रकरण पर उपजिलाधिकारी, ऋषिकेश द्वारा 18 दिसंबर 2025 को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद 29 दिसंबर 2025 को सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), विकासखंड डोईवाला को तीन दिवस के भीतर कार्यवाही सुनिश्चित कर अवगत कराने के निर्देश भी जारी किए गए। इसके बावजूद पंचायतराज स्तर पर समयबद्ध कार्रवाई न होने की शिकायत जिलाधिकारी तक पहुंची।
लापरवाही सामने आने पर जिलाधिकारी ने सख्त संज्ञान लेते हुए प्रकरण के निस्तारण तक जिला पंचायत राज अधिकारी, देहरादून के वेतन आहरण पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगाने के निर्देश दिए। वेतन रोकने की कार्रवाई के बाद संबंधित ग्राम पंचायत विकास अधिकारी द्वारा 08 फरवरी 2026 को प्रदीप सिंह के पिता स्व. भगत सिंह तथा बलबीर सिंह रावत की माता स्व. जयवन्ती देवी के मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कर दिए गए।प्रकरण के निस्तारण के उपरांत जिला पंचायत राज अधिकारी के वेतन आहरण पर लगी रोक हटाने संबंधी पत्रावली उच्च स्तर पर प्रस्तुत कर दी गई है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनमानस की शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। सभी अधिकारियों को समयबद्ध, पारदर्शी और जिम्मेदार कार्यप्रणाली अपनाने के निर्देश दिए गए हैं, साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि किसी भी प्रकार की हिलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
